गरोठ/कुरलासी। कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देशन में जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील गरोठ के ग्राम कुरलासी में लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राहुल चौहान ने बताया कि ग्राम कुरलासी स्थित उद्योग विभाग को आवंटित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 888 एवं 889, कुल रकबा 6.16 हेक्टेयर पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई कर उक्त भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 5 करोड़ रुपये बताया गया है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से शासकीय भूमि सुरक्षित हुई है तथा उसके नियोजित उपयोग का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
कार्यवाही के दौरान तहसीलदार अर्जुन भदौरिया, नायब तहसीलदार निगम, रघुनाथ मचार तथा थाना प्रभारी बलवीर यादव सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।