नीमच। जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण को पद से हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को जावद विधानसभा क्षेत्र के नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज तिवारी अनोखे अंदाज में नीमच कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने अपने मुंह पर भ्रष्ट कुर्सी पर मौन क्यों? लिखी पट्टी बांध रखी थी तथा हाथों में भारतीय संविधान और मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम-1993 की प्रतियां लेकर विरोध दर्ज कराया।
कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि जनपद पंचायत जावद के अध्यक्ष गोपाल चारण को वर्ष 2023 में लोकायुक्त पुलिस द्वारा कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। उनका कहना है कि मामले में जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया जारी होने के बावजूद संबंधित जनप्रतिनिधि अब भी पद पर बने हुए हैं, जिससे जनता के बीच गलत संदेश जा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों एवं न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन होने के चलते जनपद अध्यक्ष को पद से हटाने की कार्रवाई की जाए। तिवारी ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई में हो रही देरी से प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इस दौरान मौजूद यश लोहार ने संविधान एवं पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनविश्वास को बनाए रखने के लिए भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।
कलेक्टोरेट परिसर में हुए इस अनूठे विरोध प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।