नीमच। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को चार बहनों ने अपनी पैतृक कृषि भूमि पर फर्जी विक्रय पत्र के माध्यम से कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की। महिलाओं ने कुछ लोगों पर गाली-गलौच, धमकी और भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश करने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में मुन्नीबाई, नंदूबाई, धापूबाई एवं कैलाशीबाई नायक निवासी ग्राम सेमली चन्द्रावत ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय हजारीलाल नायक की कृषि भूमि का नामांतरण उनके नाम पर विधिवत हो चुका है और वर्षों से वे उक्त भूमि पर खेती कर रही हैं।
महिलाओं का आरोप है कि उनके चाचा द्वारा शासकीय मद की भूमि के एक हिस्से का कथित रूप से फर्जी विक्रय पत्र तैयार कर कुछ लोगों को बेच दिया गया। इसी आधार पर नामांतरण कराने और उनकी भूमि पर कब्जा जमाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िताओं के अनुसार जब वे कृषि कार्य के लिए खेत पर पहुंचीं तो संबंधित लोगों ने उनके साथ गाली-गलौच की, मारपीट का प्रयास किया तथा दोबारा जमीन पर आने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिलाओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी विक्रय पत्र को निरस्त करने, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी भूमि एवं जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के आधार पर प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।