नीमच। बारिश के मौसम में संपर्क टूटने की समस्या से जूझ रहे दारू-भाटखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने दारू-भाटखेड़ा मार्ग स्थित नाले पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल के अभाव में हर वर्ष वर्षाकाल के दौरान क्षेत्र के 8 से 10 गांवों की 15 हजार से अधिक आबादी जिला मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों से कट जाती है। इससे स्कूली विद्यार्थियों, गर्भवती महिलाओं, मरीजों तथा किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है।
आवेदन में बताया गया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा नाले पर 4.38 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण का प्रथम स्तरीय प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन बजट स्वीकृति नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण जनहित कार्य को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर विशेष अनुशंसा भेजी जाए और शीघ्र बजट स्वीकृत कराकर पुल निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षित जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण आधार है।