नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम जवासा के किसानों ने न्यायालय में विचाराधीन कृषि भूमि पर कथित रूप से कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। किसानों ने सीमांकन प्रक्रिया का दुरुपयोग कर विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने की कोशिश किए जाने की शिकायत भी की है।
ग्राम जवासा निवासी रूबेन्द्र सिंह एवं जसवंत सिंह ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया कि उनकी पैतृक कृषि भूमि के स्वामित्व को लेकर एक प्रकरण सिविल न्यायालय में लंबित है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से उक्त भूमि पर खेती करता आ रहा है तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हाल ही में समीपस्थ भूमि के सीमांकन के दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से राजस्व अमले की मिलीभगत से विवादित भूमि पर जेसीबी मशीन पहुंचाकर खाई खुदवा दी। किसानों का कहना है कि यह कार्रवाई सीमांकन की आड़ में भूमि पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से की गई।
किसानों ने बताया कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद इस प्रकार की गतिविधियां न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं तथा क्षेत्र में विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न कर रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती है।
आवेदकों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने, विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने तथा उनकी भूमि एवं जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।