झाबुआ। जिले में अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पेटलावद क्षेत्र में आबकारी टीम ने एक महिन्द्रा पिकअप वाहन से 904.8 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं संभागीय उड़नदस्ता इंदौर के उपायुक्त इंदरसिंह जामोद के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में 9 जून की रात्रि गश्त के दौरान बदनावर-सारंगी मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को चिन्हित किया गया। आबकारी टीम ने वाहन का पीछा कर ग्राम कसारबर्डी में उसे रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वाहन क्रमांक एमपी-41 जीए-4039 की तलाशी लेने पर उसमें 70 पेटी विदेशी मदिरा बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की (604.8 बल्क लीटर) तथा 25 पेटी माउंट 6000 सुपर स्ट्रांग बियर (300 बल्क लीटर) बरामद हुई। कुल 95 पेटियों में 904.8 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6.56 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती का मूल्य लगभग 14.56 लाख रुपये बताया गया है।
कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी महादेव सोलंकी के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेमसिंह परमार एवं उनकी टीम द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।