नीमच। जिले के ग्राम सावन के दो किसानों ने अपनी कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जे और मिट्टी के अवैध उत्खनन के विरोध में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। किसान जेतराम मालवीय गले में जूतों की माला पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।
किसान जेतराम मालवीय और प्रकाश मालवीय ने आरोप लगाया कि उनकी स्वामित्व वाली कृषि भूमि पर गांव के कुछ लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। साथ ही जेसीबी मशीनों से खेतों की खुदाई कर उपजाऊ मिट्टी का अवैध उत्खनन एवं विक्रय किया गया, जिससे उनकी भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है।
किसानों का कहना है कि मामले की शिकायत पूर्व में कई बार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि राजस्व एवं खनिज विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्षों ने भूमि को पूर्व स्थिति में कर लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक उस पर अमल नहीं किया गया।
जेतराम मालवीय ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी गईं तथा जातिसूचक टिप्पणियां कर प्रताड़ित किया गया। वहीं प्रकाश मालवीय ने अवैध कब्जा हटाने और भूमि को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
दोनों किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी भूमि से अवैध कब्जा हटाकर पुनः कब्जा दिलाया जाए, अवैध उत्खनन की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, एससी/एसटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।