नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने आमजन की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 12 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे करीब 64 फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं।
एसपी राजेश व्यास ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को मामलों के शीघ्र और विधिसम्मत निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य विभिन्न विषयों से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरतें तथा समय-समय पर थाना स्तर पर भी जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित करें।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह, जिले के सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में आवेदक उपस्थित रहे।