शिवपुरी। शहर के गांधी पार्क में चंबल संभाग से हजारों की संख्या में गुर्जर समाज के लोग एकत्रित हुए और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद समाज के लोगों ने गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने वन विभाग और माधव टाइगर रिजर्व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सुरवाया क्षेत्र में पिछले लगभग डेढ़ वर्ष में करीब 100 भैंसों के गायब होने की घटनाएं सामने आई हैं।
समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि एक मामला तब उजागर हुआ जब एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कथित तौर पर एक भैंस के बच्चे को डीसीएम वाहन में ले जाते हुए देखा। ग्रामीणों का कहना है कि पहले वे मवेशियों के गायब होने को टाइगर हमले की घटनाओं से जोड़ते थे, लेकिन अब उन्हें संदेह है कि यह कोई अलग प्रक्रिया हो सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि मवेशियों को कथित रूप से टाइगरों के सामने छोड़े जाने जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे टाइगर रिजर्व के लिए मिलने वाले फंड के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
समाज के प्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो प्रदेशभर से लाखों की संख्या में गुर्जर समाज के लोग शिवपुरी में बड़ा आंदोलन करेंगे।