मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग के विशेष प्रयासों से श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर स्थित भोजनशाला के संचालन की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। अब मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को शीघ्र ही उचित एवं निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं नाश्ते की सुविधा उपलब्ध होगी।
मंदिर के सामने स्थित मेघदूतम कैफेटेरिया परिसर में संचालित होने वाली भोजनशाला में सामान्य भोजन थाली मात्र 60 रुपए में उपलब्ध कराई जाएगी। थाली में सब्जी, दाल, चावल, चार रोटी, सलाद, पापड़, अचार एवं रायता शामिल रहेगा। इसके अलावा कढ़ी-चावल, दाल-चावल एवं राजमा-चावल 40 रुपए प्रति प्लेट की दर से उपलब्ध होंगे।
कैंटीन में चाय 10 रुपए, कॉफी 12 रुपए, लस्सी 20 रुपए, छाछ 10 रुपए तथा दही 20 रुपए में मिलेगा। वहीं समोसा, कचौरी, आलू पराठा, खमन, उपमा, इडली-सांभर, डोसा, पाव भाजी और छोले-भटूरे जैसे विभिन्न नाश्ते भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रशासन का मानना है कि भोजनालय और कैंटीन शुरू होने से पशुपतिनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।