शहडोल। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जबलपुर इकाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शहडोल निवासी दीपेंद्र सिंह ने चार बैंकिंग कियोस्क खोलने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रस्ताव को मंजूरी देने और आवश्यक अनुमति जारी करने के बदले सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर दीपेंद्र सिंह ने CBI जबलपुर इकाई के पुलिस अधीक्षक एस.के. राठी से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद CBI ने जाल बिछाया और करीब 8 सदस्यीय टीम शहडोल पहुंची।
निर्धारित योजना के तहत अभ्यंकर शर्मा ने बैंक के बाहर गुरुद्वारे के पास शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए। जैसे ही रिश्वत की राशि उनके हाथ में पहुंची, आसपास मौजूद CBI अधिकारियों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद CBI टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई से बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।