नीमच। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 26 एवं 27 में कमल चौक से गायत्री मंदिर रोड होते हुए ग्वालटोली तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों एवं ठेकेदार से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष चोपड़ा ने विशेष रूप से सड़क के साथ प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए सड़क निर्माण के साथ-साथ ड्रेनेज व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वाति चोपड़ा ने बताया कि लगभग 1300 मीटर लंबी एवं 7 मीटर चौड़ी इस सड़क का निर्माण करीब 64 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह मार्ग शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है और इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि शहर में विकसित किए जा रहे चौड़े एवं आधुनिक मार्गों की श्रृंखला में यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी, एल्डरमैन अरुणा तलरेजा एवं नगर पालिका अधिकारियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।
लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी ने कहा कि शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह सड़क निर्माण परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।