ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए पहली ही गेंद पर आउट हो गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंत्री आनंद नगर स्थित एक पार्क में आम नागरिकों और बच्चों से मिलने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, ऊर्जा मंत्री क्षेत्र के दौरे पर थे और रात के समय आनंद नगर में लोगों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने अपने समर्थकों और आम जनता के साथ गन्ने का जूस भी पिया।
और मंत्री ने सिर से हाथ लगा लिया
सुबह जब मंत्री पार्क में भ्रमण के लिए पहुंचे, तो वहां बड़ी संख्या में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। बच्चों को खेलते देख मंत्री स्वयं को रोक नहीं पाए और उनके बीच पहुंचकर क्रिकेट खेलने लगे। उन्होंने बच्चों के साथ बल्लेबाजी का आनंद लिया, लेकिन पहली ही गेंद पर आउट हो गए।
मंत्री के साथ क्रिकेट खेलने से बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और बातचीत की। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।