दमोह। शहर के बेलाताल तालाब में शुक्रवार सुबह शासन के निर्देशों के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलगारे सहित महिला बाल विकास और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आम लोगों ने भी इस स्वच्छता अभियान में अपनी सहभागिता निभाई।
जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलगारे ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर विश्व योग दिवस तक शासन के निर्देश हैं कि प्राचीन जल स्रोतों की साफ-सफाई की जाए। इसी क्रम में बेलाताल तालाब में यह अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि लोग अपने घरों से निकली पूजन सामग्री तालाब में डालते हैं, जिससे काफी गंदगी फैल गई है।
जल स्रोतों को साफ-सुथरा रखने की अपील
सफाई अभियान में स्वच्छता एम्बेसडर हरीश पटेल और उनकी टीम, जन अभियान परिषद से सुशील नामदेव, स्वच्छता मित्रों सहित नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी और महिला बाल विकास के अधिकारी अनिल जैन भी शामिल हुए। सफाई कर्मचारियों के साथ आम जनमानस ने भी सक्रिय रूप से योगदान दिया। कुछ आम नागरिक जो वहां से गुजर रहे थे, वे भी अभियान में शामिल हो गए।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के जल स्रोतों को साफ-सुथरा रखें और उनमें गंदगी न फैलाएं। अधिकारियों ने तालाब को शहर की धरोहर बताते हुए उसे स्वच्छ बनाए रखने का महत्व समझाया।