उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में केंद्र सरकार की ‘वन नेशन, वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत लगभग 300 करोड़ की लागत से भव्य यूनिटी मॉल का निर्माण किया जा रहा है। आज सांसद अनिल फिरोजिया ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ इस निर्माणाधीन मॉल का बारीकी से निरीक्षण किया।
सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि गुजरात और उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश के उज्जैन को यह बड़ी सौगात मिली है। इस आधुनिक मॉल में 115 स्टॉल्स, 52 कमरे और विशाल शोरूम्स बनाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को भारी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’12 साल बेमिसाल’ कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश की दिशा और दशा बदली है।
सांसद ने उज्जैन में चल रहे अन्य विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र को 15,000 करोड़ की लागत से नेशनल हाईवे, 200 करोड़ के रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, आईटी पार्क और आत्मनिर्भर भारत के तहत मेडिकल डिवाइस पार्क की ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। इसके साथ ही महाकाल महालोक के निर्माण और खान नदी के लिए स्वीकृत 131 करोड़ से उज्जैन का कायाकल्प हो रहा है। सांसद की ओर से कार्यकर्ताओं से इस विकास गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।