चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ ने पिछले दो दशकों में सनातन धर्म एवं गुरु परंपरा के संवाहक के रूप में विशेष पहचान स्थापित की है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ठाकुर श्री कल्लाजी के 21वें कल्याण महाकुंभ के उपलक्ष्य में वेदपीठ परिसर में 26 जून से विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
26 से 28 जून तक होगा श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ-
वेदपीठ पदाधिकारियों ने बताया कि 26 से 28 जून तक श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा। 26 जून को प्रातः 9 बजे सुखमणि साहिब पाठ के साथ अखंड पाठ प्रारंभ होगा। चित्तौड़गढ़ गुरुद्वारा के ज्ञानी सुरवेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह, कमलजीत सिंह एवं राजवीर सिंह संगत करते हुए पाठ संपन्न कराएंगे।
28 जून को प्रातः 10.45 बजे अखंड पाठ के भोग के पश्चात गुरुवाणी कीर्तन एवं सत्संग होगा। दोपहर 12.30 बजे अरदास के साथ कार्यक्रम की पूर्णाहुति कर गुरु का अटूट लंगर एवं कणहा प्रसाद वितरित किया जाएगा तथा विश्व कल्याण और खुशहाली की कामना की जाएगी।
27 जून को नगर के 135 मंदिरों में दिया जाएगा निमंत्रण-
21वें कल्याण महाकुंभ को भव्य बनाने के उद्देश्य से 27 जून को नगर के 135 मंदिरों एवं देवालयों में भावपूर्ण निमंत्रण दिया जाएगा। वीर-वीरांगनाएं एवं कल्याण भक्त मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर, पीले चावल एवं पुष्प अर्पित करते हुए महाकुंभ में सहभागिता का आग्रह करेंगे। साथ ही मंदिरों के पुजारियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
29 जून को होगा सामूहिक नवकार मंत्र जाप-
कल्याण महाकुंभ के अंतर्गत सकल जैन समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 29 जून को वेदपीठ परिसर में सामूहिक नवकार मंत्र जाप आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जैन समाज के सभी धर्मावलंबियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।
महिलाएं करेंगी परंपरागत रात्रि जागरण-
29 जून को संध्या महाआरती के बाद कृष्णा शक्ति दल की मातृशक्ति एवं श्रद्धालु महिलाओं द्वारा परंपरागत रात्रि जागरण किया जाएगा। इस दौरान देवी-देवताओं एवं ठाकुर श्री कल्लाजी के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा कल्याण महाकुंभ की सफलता और सर्वजन मंगल की कामना की जाएगी।
30 जून को निकलेगी विशाल वाहन रैली-
नगर जागरण एवं जनसहभागिता के उद्देश्य से 30 जून को सायं 6 बजे वेदपीठ परिसर से विशाल दोपहिया एवं चारपहिया वाहन रैली निकाली जाएगी। मालवी ढोल, बैंड की मधुर धुनों और ठाकुर श्री कल्लाजी के जयघोषों के साथ निकाली जाने वाली यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों एवं मोहल्लों से होकर पुनः वेदपीठ परिसर पहुंचेगी।