नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 29 जून (सोमवार) को नीमच एवं खिमला क्षेत्र में प्रस्तावित दौरा रहेगा। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच में लगभग 670 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली 40 से अधिक नवीन औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन करेंगे। इन इकाइयों से लगभग 2 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला पहुंचकर ग्रीनको प्रोजेक्ट की साइट विजिट करेंगे। साथ ही वे वारी एनर्जी लिमिटेड द्वारा स्थापित 170 मेगावाट सोलर प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री नीमच में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ पत्र वितरित करेंगे। वे राज्य स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, डीएफओ एस.के. अटोदे, एडीएम बी.एस. कलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर उद्योग, कृषि, एमपीआईडीसी, उद्यानिकी एवं कृषि उपज मंडी विभागों द्वारा उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।