छतरपुर। जिले के भगवां नगर में मोहर्रम के अवसर पर इमाम हसन और इमाम हुसैन की याद में ताजिया जुलूस अकीदत और गमगीन माहौल में निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए और शहीद-ए-कर्बला को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ताजिया जुलूस नगर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, पुरानी ईदगाह और नई ईदगाह से होते हुए पुराना बाजार स्थित नई जामा मस्जिद-ए-अली हसन पहुंचा। इसके बाद पटनाउ मोहल्ले में फातिहा अदा की गई और फिर मुख्य बस स्टैंड मार्ग से होते हुए ताजिया कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार रस्में अदा की गईं।
मोहर्रम जुलूस के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
मोहर्रम इस्लामी हिजरी कैलेंडर का पहला महीना है और मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर कर्बला की जंग में पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासों इमाम हसन और इमाम हुसैन तथा उनके साथियों की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है। उनके बलिदान को सत्य, न्याय और इंसानियत की मिसाल माना जाता है।