नीमच। ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) नीमच के महाराणा प्रताप भवन में 25 जून को कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू की अध्यक्षता में पेंशन अदालत एवं कल्याण एवं पुनर्वास (वार्ब) बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य सेवानिवृत्त कार्मिकों, शहीद एवं दिवंगत जवानों के आश्रितों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं सुविधाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना था।
इस अवसर पर ग्रुप केंद्र नीमच के क्षेत्राधिकार अंतर्गत मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत सीएपीएफ पेंशनधारियों एवं शहीद तथा दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को आमंत्रित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पिछली बैठक में प्राप्त सभी प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है।
बैठक में उपस्थित पेंशनधारियों एवं आश्रितों ने अपनी समस्याएं कमांडेंट के समक्ष रखीं। कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पेंशन संबंधी मामलों को छोड़कर अन्य समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिक सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी हरसंभव सहायता के लिए विभाग सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का आग्रह किया।
बैठक में भूतपूर्व कार्मिकों के लिए संचालित नवीनतम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अंत में कमांडेंट श्री साहू ने सभी पेंशनधारियों एवं उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिक भी उपस्थित रहे।