शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बदरवास तहसील के ग्राम सड़बूड़ स्थित सिंध नदी क्षेत्र में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त कार्यवाही की गई।
बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान सिंध नदी के समीप शासकीय भूमि पर हाइड्रा एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध मिट्टी उत्खनन किया जाना पाया गया। कार्यवाही के दौरान लाखन यादव, जयमंडल यादव एवं विकुल यादव द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और राजस्व अमले के साथ दुर्व्यवहार एवं गोली मारने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तीनों के विरुद्ध पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर गठित संयुक्त दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी शस्त्र जब्त कर नियमानुसार लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
संयुक्त दल द्वारा अवैध उत्खनन में प्रयुक्त मार्ग को जेसीबी से बंद कराया गया तथा शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मौके पर लगभग 6000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध उत्खनन तथा लगभग 40 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया जिसको मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया। साथ ही, प्रकरण दर्ज कर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। एवं मौके से ट्रेक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, अधिकारियों-कर्मचारियों से अभद्रता करने, प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन एवं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।