नीमच। शहर के उदय विहार स्थित डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में कर्मचारी पर चाकू से हमला कर लूट की वारदात का नीमच पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 90 हजार 800 रुपये बरामद किए हैं।
शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि 23 जून की रात चार बदमाशों ने कोरियर कंपनी के कर्मचारी सूरज नाथ को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर कार्यालय से नकदी लूट ली थी। विरोध करने पर आरोपियों ने कर्मचारी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड कोरियर कंपनी का पूर्व कर्मचारी इस्लाम मोहम्मद था। नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। पुलिस ने इस्लाम मोहम्मद, सोहेल मंसूरी, जाहिद खान, असरफ कुरैशी तथा फरार आरोपी आसिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया। आसिफ को अजमेर से हिरासत में लिया गया।
एसपी राजेश व्यास ने बताया कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने इस सफलता के लिए थाना नीमच कैंट, नीमच सिटी, जीरन थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी विश्लेषण, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस को कम समय में यह सफलता मिली।