नीमच। मध्य प्रदेश में पहली बार रतलाम रेंज (रतलाम, मंदसौर और नीमच) में पुलिस गश्त की लाइव मॉनिटरिंग के लिए अत्याधुनिक ‘कवच ऐप’ लागू किया गया है। इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से पुलिसकर्मियों की लोकेशन हर 15 मिनट में ट्रैक की जा रही है, जिससे पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
रतलाम रेंज में करीब 2250 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की गश्त गतिविधियों पर रियल टाइम निगरानी रखी जा रही है। रेंज के डीआईजी निमिष अग्रवाल स्वयं प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग कर विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त कर रहे हैं।
यह एप पहले मंदसौर जिले में ट्रायल के रूप में शुरू किया गया था, जिसके सफल परीक्षण के बाद इसे रतलाम में लागू किया गया और अब नीमच जिले में भी इसे शुरू किया गया है।
रतलाम जिले के 23 थानों के लगभग 1400 तथा मंदसौर जिले के 16 थानों के करीब 850 पुलिसकर्मी इस सिस्टम से जुड़े हैं। ऐप के माध्यम से प्रत्येक पुलिसकर्मी की गश्त का रिकॉर्ड, तय मार्ग, तय दूरी और ड्यूटी पालन की पूरी मॉनिटरिंग की जा रही है।
कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक विशाल नरसिंघानी एवं अमित यादव द्वारा प्रतिदिन गश्त रिपोर्ट तैयार कर डीआईजी कार्यालय को भेजी जाती है।
डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया कि इस सिस्टम से राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख शहरों और संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है। साथ ही किसी भी घटना की स्थिति में नजदीकी पुलिस बल की लोकेशन तुरंत उपलब्ध होने से त्वरित कार्रवाई संभव हो रही है।
इस नवाचार को पुलिस मुख्यालय भोपाल को भी भेजा गया है, ताकि भविष्य में इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सके।