देवास। जिले के हाटपिपलिया के समीपस्थ ग्राम घटिया गयासुर में श्री राम मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्री राम महायज्ञ का भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर बैंड-बाजों के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
इस दौरान नवनिर्मित मंदिर परिसर में भगवान श्री राधा-कृष्ण, बलराम जी, राम-लक्ष्मण-सीता एवं भोलेनाथ परिवार की मूर्तियों की विधि-विधानपूर्वक स्थापना की गई। साथ ही छप्पन भोग अर्पित कर महाआरती संपन्न हुई।
आयोजन श्री राम मंदिर के पुजारी महंत श्री ओंकार दास वैष्णव के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। यज्ञाचार्य के रूप में पंडित कनिष्क द्विवेदी एवं मुकेश शर्मा (बागली) ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
महायज्ञ के दौरान तीन दिवसीय रात्रिकालीन भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायक पंडित दिनेश दास वैष्णव एवं उनकी टीम ने देर रात तक भजनों की प्रस्तुति दी।
समापन पर पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें घटिया गयासुर सहित मुरादपुर, पोनासा, सिंगावदा, अनखेली, बोरखेड़ा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी संदीप प्रजापति द्वारा दी गई।