झाबुआ। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय झाबुआ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर तीन दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की।
यह तीन दिवसीय अभियान 28 से 30 जून 2026 तक चलेगा। इसका मुख्य लक्ष्य 0 से 5 वर्ष की आयु के जिले के कुल 2,13,504 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। इस अवसर पर झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक कार्ययोजना बनाई है। जिले भर में कुल 1,185 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें 424 बूथ टीमें, 610 घर-घर भ्रमण (हाउस-टू-हाउस) टीमें, 44 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमें शामिल हैं।
अभियान की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष मॉनिटरिंग और सुपरवाइजरी टीमों का भी गठन किया गया है, जो कार्य की निरंतर निगरानी करेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस जनस्वास्थ्य अभियान में अपनी भागीदारी निभाएं।
विभाग ने आग्रह किया है कि 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि झाबुआ को पोलियो मुक्त रखने का संकल्प पूरा हो सके।