रतलाम। मानसून वर्ष 2026 के दौरान अतिवृष्टि एवं बाढ़ आपदा की पूर्व तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को निर्देश दिए कि संपर्क विहीन ग्रामों की सूची तथा आवश्यकता पड़ने पर रेस्क्यू के लिए वैकल्पिक स्थानों की सूची तैयार कर होमगार्ड विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि नदियों के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं पुल-पुलियों पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा उनकी जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही स्वयंसेवियों की सूची तैयार रखने और प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि 30 जून को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाए तथा अतिवृष्टि की स्थिति में आवागमन बाधित होने की सूचना भी दी जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर पूर्व तैयारियों का निरीक्षण करें तथा मैदानी कर्मचारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जलभराव की स्थिति में मोटर पंप से पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, अन्यथा आवश्यक होने पर आवागमन बंद किया जाए। रेस्क्यू के लिए चिन्हित स्थानों पर पेयजल, विद्युत एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में जर्जर आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं स्वास्थ्य केंद्र भवनों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही किसी भी जर्जर भवन की जानकारी आपदा कंट्रोल रूम नंबर 07412-270416 पर देने की अपील की गई।
बाजना क्षेत्र में बिना मुंडेर वाले कुओं को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को एंटी स्नेक वेनम, आवश्यक दवाइयां, ओआरएस पैकेट एवं डायरिया-उल्टी की दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने जल स्रोतों का चिन्हांकन कर पेयजल का क्लोरीनेशन करने तथा बारिश के दौरान हैंडपंप के पानी के उपयोग में सावधानी बरतने की सलाह देने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को आवश्यक विद्युत व्यवस्था, वायरिंग एवं अन्य सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज को आपात स्थिति में मरीजों के समुचित प्रबंधन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में एडीएम ब्रजेन्द्र कुमार रावत, निगमायुक्त अनिल भाना, डिप्टी कलेक्टर राधा महंत, जिला कमांडेंट होमगार्ड रोशनी बिलवाल, परियोजना अधिकारी अरुण कुमार पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।