रतलाम। जिला कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने 27 जून को सैलाना वृत्त के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे ने ग्राम रानीसिंग, लबानीपाड़ा, कबूतरिया फांटा एवं रावटी में अवैध हाथ भट्टी शराब एवं देशी मदिरा की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 300 किलोग्राम लहान (महुआ वॉश) तथा 20 पाव देशी मसाला मदिरा जब्त की गई। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 38 हजार 140 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी आरक्षक रामचरण पवार, वरुण चौहान तथा नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी भी शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।