झाबुआ। जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय झाबुआ में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया द्वारा फीता काटकर किया गया इस अवसर पर मंत्री भूरिया ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान के सफल संचालन का संदेश दिया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में देश ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है लेकिन इस सफलता को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी दवा की खुराक समय पर देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक अभिभावक को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए, उन्होंने सभी नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सफल होने वाला जन-आंदोलन है, उन्होंने कहा कि जिले में अभियान के सफल संचालन हेतु व्यापक तैयारियां की गई हैं तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो रोधी दवा की खुराक से वंचित न रहे उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एम.एल. चोपड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 से 30 जून 2026 तक जिले में व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है, अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,13,504 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का उद्देश्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में कुल 1,185 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 424 बूथ टीमें, 610 घर-घर भ्रमण (हाउस-टू-हाउस) टीमें, 44 ट्रांजिट टीमें तथा 07 मोबाइल टीमें शामिल है, इसके अतिरिक्त अभियान की प्रभावी निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए मॉनिटरिंग एवं सुपरवाइजरी टीमों का भी गठन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के समस्त नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक अवश्य पिलवाएं तथा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश कुमार मंडलोई, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र भायल , जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।