मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत पुलिस थाना कुकड़ेश्वर द्वारा ग्राम मोया में साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाया जा रहा है।
शिविर में थाना कुकड़ेश्वर के उपनिरीक्षक प्रभुदयाल डोडीयार एवं आरक्षक अर्जुन डामोर ने ग्रामीणों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, APK फाइल, बैंकिंग फ्रॉड और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग या वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को डराकर, झूठे प्रलोभन देकर या रातों-रात अमीर बनने का लालच देकर ठगी करते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करे या निकटतम पुलिस थाने में सूचना दे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ भी दिलाई गई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखना है।