खरगोन। जिले के झिरन्या में आयोजित सिकल सेल शिविर में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ब्लड बैंक का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को दो नई एंबुलेंस और एक शव वाहन भी सौंपा।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक सिकल सेल रोग के उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे हासिल करने के लिए उपचार के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने सिकल सेल मरीजों को प्रमाण पत्र वितरित किए, टीबी मरीजों को फूड बास्केट भेंट की तथा पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
उन्होंने बताया कि सिकल सेल एक अनुवांशिक बीमारी है, जिसकी समय पर जांच और उपचार संभव है। सभी मरीजों के डिजिटल कार्ड तैयार किए गए हैं और सिकल सेल मित्र मरीजों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने ग्राम मारूगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही कालू के घर भोजन किया और ग्रामीणों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।