उन्हेल। नगर परिषद क्षेत्र में निर्माणाधीन विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नया बस स्टैंड के पास करीब 5 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे नाले की दीवार पहली ही हल्की बारिश में ढह गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद क्षेत्र में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं। इसके बाद कांग्रेस पार्षद एवं प्रतिपक्ष नेता द्वारकाधीश सोनी ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया और उज्जैन कलेक्टर के नाम तहसीलदार अनिल मोरे को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्रीय योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे इस नाला निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा संबंधित ठेकेदार को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट किया जाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बस स्टैंड से मालीपुरा तक लगभग 1140 मीटर लंबे इस नाले का निर्माण 5 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, लेकिन डीपीआर के अनुरूप गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी और इंजीनियरों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसका खामियाजा भविष्य में नगर के नागरिकों को भुगतना पड़ सकता है।
उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शंकर पटेल, गुड्डू कुरैशी, सुधाकर विपट, मुकेश गुर्जर, भरत मालवीय, बालेश्वर आंजना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।