नीमच। जिले के ग्राम सेमली चंदावत निवासी एक वृद्ध ने अपने ही पुत्र से जान-माल के खतरे की आशंका जताते हुए जनसुनवाई में प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आवेदन के अनुसार, मानसिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र उनके साथ, उनकी पत्नी तथा दोनों बेटियों के साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता है। साथ ही उसने उनकी कृषि भूमि और फसल पर भी कब्जा कर रखा है।
मानसिंह ने बताया कि उनकी पत्नी हृदय रोग से पीड़ित हैं, जबकि वे स्वयं शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनका पुत्र उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने का प्रयास कर रहा है तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।