नीमच। जिले के नीमच सिटी निवासी किसान अरविंद रावत ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर अपनी कृषि भूमि का सीमांकन कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार आवेदन देने और शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी भूमि का सीमांकन नहीं किया जा रहा है।
आवेदन के अनुसार, जीरन तहसील के ग्राम गोपालपुरा स्थित उनकी 1.78 हेक्टेयर कृषि भूमि का लंबे समय से सीमांकन लंबित है, जबकि आसपास की अन्य भूमि का सीमांकन पहले ही किया जा चुका है।
अरविंद रावत ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित राजस्व अधिकारियों को आवेदन दिए तथा सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया गया तथा अभद्र व्यवहार और धमकी भी दी गई।
किसान ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सीमांकन कराने के निर्देश देने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।