नीमच। जिले के ग्राम बोरखेड़ी कला निवासी दिव्यांग किसान जगदीश भंवरलाल ब्राह्मण ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर अपनी कृषि भूमि से कथित कब्जा हटाने और न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक भूमि के हिस्से पर विपक्षी द्वारा कब्जा कर लिया गया है, जिससे उन्हें खेती करने से रोका जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें एवं उनके दिव्यांग (मूक-बधिर) पुत्र को जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों के साथ-साथ संबंधित राजस्व कर्मचारियों द्वारा पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
दिव्यांग किसान ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कृषि भूमि से अवैध कब्जा हटवाने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।