नीमच। जिले के ग्राम भरभड़िया का प्रमुख संपर्क मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने से ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर सड़क से अतिक्रमण हटाने तथा मार्ग को पुनः सुचारु करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2004-05 में शासन द्वारा नायरा पेट्रोल पंप से ग्राम भरभड़िया तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया गया था। इस मार्ग का उपयोग गांव के अधिकांश ग्रामीण, किसान, श्मशान, ईदगाह सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों तक आवागमन के लिए करते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने सड़क किनारे बने नाले और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मार्ग को संकरा कर दिया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। किसानों को ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण लेकर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि सड़क एवं नाले से अतिक्रमण हटाकर उनका पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।