सीहोर। जिले के आष्टा स्थित सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य गांव नौमानिया में सोमवार को कोर्ट के आदेश पर भूमि का कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और जेसीबी सहित अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के अनुसार, धारा 250 के प्रकरण में न्यायालय के आदेश के बाद ग्राम नौमानिया निवासी सुनील कुमार वर्मा को भूमि का कब्जा दिलाने के लिए राजस्व विभाग की टीम आरआई कमल कीर, हल्का पटवारी गुलाब सिंह चौहान और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी।
कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में आदिवासी महिला, पुरुष और बच्चे लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और कब्जा दिलाने की कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने पत्थरबाजी कर मौके पर मौजूद जेसीबी के शीशे तोड़ दिए, जबकि ट्रैक्टर पर भी डंडों से हमला किया गया। स्थिति बिगड़ती देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया, वहीं जेसीबी चालक मशीन लेकर किसी तरह वहां से निकल गया।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए कार्रवाई पूरी तरह बाधित रही और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सिद्दीकगंज थाने से एसआई सूरज सिंह परिहार और एएसआई अशोक दुबे तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा विवाद टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।