नीमच। भारत विकास परिषद, शाखा नीमच द्वारा स्कूली विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय "एआई क्लॉड वर्कशॉप" का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में अमेरिका की आईटी विशेषज्ञ सुश्री अरुषा गोयल विद्यार्थियों को एआई के प्रभावी और जिम्मेदार उपयोग का प्रशिक्षण देंगी।
परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन अरविंद गोयल ने बताया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए एआई तकनीक की समझ और उसका सही उपयोग बेहद आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से यह विशेष कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का पहला सत्र 1 जुलाई को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में आयोजित होगा, जबकि दूसरा सत्र 2 जुलाई को कार्मल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नीमच में होगा। दोनों सत्रों में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें विद्यार्थी एआई से जुड़े अपने सवालों का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
सुश्री अरुषा गोयल कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हैं तथा इंटरनेशनल मैनेजमेंट में एमबीए कर चुकी हैं। उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी, बिजनेस कंसल्टिंग, प्रोग्राम मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी लीडरशिप के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। पिछले कुछ वर्षों से वे विद्यार्थियों और नए शिक्षार्थियों को एआई टूल्स, वर्कफ़्लो और जिम्मेदार एआई के उपयोग का प्रशिक्षण दे रही हैं।
भारत विकास परिषद के अनुसार, यह कार्यशाला नीमच के विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ से सीधे आधुनिक एआई तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग को सीखने का एक विशेष अवसर साबित होगी।