चित्तौड़गढ़। खरीफ सीजन के दौरान जिले में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने तथा खाद की कालाबाजारी एवं जमाखोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के विरोध में ग्रामीण कांग्रेस के तत्वाधान में पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में बुधवार, 1 जुलाई 2026 को प्रातः 11ः30 बजे जिला कलेक्ट्रेट, चित्तौड़गढ़ पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर मंजू शर्मा को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि जिले के अनेक क्षेत्रों में किसान खाद के लिए घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, फिर भी उन्हें आवश्यकता के अनुरूप खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। दूसरी ओर खाद की कालाबाजारी और अनियमित वितरण की शिकायतें किसानों की चिंता बढ़ा रही हैं। खरीफ फसलों की बुवाई का यह महत्वपूर्ण समय है, ऐसे में समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीण कांग्रेस का कहना है कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं लाई गई और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो किसानों की परेशानियां और बढ़ेंगी।
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से जिले में खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, सभी सहकारी समितियों एवं अधिकृत विक्रेताओं पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने, वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अधिक कीमत वसूलने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
ग्रामीण कांग्रेस ने चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं किसान भाइयों से अपील की है कि वे बुधवार, 1 जुलाई 2026 को प्रातः 11ः30 बजे जिला कलेक्ट्रेट, चित्तौड़गढ़ पहुंचकर किसानों के अधिकारों की इस आवाज़ को मजबूत बनाएं।