चित्तौड़गढ़। राम मंदिर में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं एवं करोड़ों रुपये के चढ़ावे से जुड़े गंभीर आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर बुधवार, 1 जुलाई 2026 को पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता राष्ट्रपति महोदया के नाम जिला कलेक्टर चित्तौड़गढ़ को ज्ञापन सौंपेंगे।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था राम मंदिर से जुड़ी हुई है। ऐसे में मंदिर में प्राप्त चढ़ावे, दान राशि एवं उसके उपयोग को लेकर यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा वित्तीय गड़बड़ी के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र जांच होना अत्यंत आवश्यक है। आस्था से जुड़े किसी भी संस्थान में वित्तीय पारदर्शिता बनी रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनविश्वास दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया से मांग की जाएगी कि पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एवं सक्षम एजेंसी से उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सत्य देश के सामने आ सके तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित हो। साथ ही यह भी मांग की जाएगी कि भविष्य में धार्मिक संस्थानों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे के प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।
पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से इस जनहित एवं जनआस्था से जुड़े मुद्दे पर अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।