नीमच। जिला स्तरीय जनसुनवाई में ग्राम लोड़किया निवासी किसान मांगीलाल पिता चौनसुखजी गुर्जर ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर खेत तक आने-जाने का रास्ता बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने एवं मामले का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की।
किसान ने आवेदन में बताया कि पैतृक कृषि भूमि के बंटवारे के बाद उसके हिस्से की भूमि तक पहुंचने के लिए वर्षों से उपयोग में आने वाला रास्ता विवाद के चलते रामलाल द्वारा अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे खेत में कृषि कार्य, कृषि यंत्र एवं आवश्यक संसाधन ले जाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
फरियादी का आरोप है कि संबंधित पक्ष रास्ता खोलने से इंकार कर रहा है। कई बार आपसी समझाइश के प्रयास भी विफल रहने के बाद वह न्याय की उम्मीद लेकर जनसुनवाई में पहुंचा। किसान ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर खेत तक आवागमन का रास्ता तत्काल बहाल कराने तथा दोषी पक्ष के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।