नीमच। जिले के ग्राम लेवड़ा एवं धनेरियाकला के ग्रामीणों ने गांव के एकमात्र खेल मैदान पर कथित कब्जे एवं निजी नामांतरण का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि का वर्षों से खेलकूद गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोग किया जाता रहा है। यह मैदान गांव के बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों के लिए एकमात्र सार्वजनिक खेल स्थल है, लेकिन अब कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से इस भूमि को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 1981 में सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित घोषित की गई भूमि को बाद में कथित रूप से निजी खाते में दर्ज कर लिया गया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पट्टों को निरस्त करने, अतिक्रमण हटाने तथा खेल मैदान को उसके मूल स्वरूप में सुरक्षित रखने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने खेल मैदान को सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित बनाए रखने हेतु शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।