चित्तौड़गढ़। शहर के पावटा चौक स्थित श्री नामदेव छीपा समाज बिछावट मंदिर में मंगलवार से 9 दिवसीय संगीतमय ‘श्री रामकथा अमृतवर्षा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के प्रथम दिन 551 कलशों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, युवा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह 8रू15 बजे कथा स्थल से प्रारंभ हुई कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कथा स्थल पहुंची। सिर पर पवित्र कलश धारण किए महिला श्रद्धालुओं की भव्य उपस्थिति, भक्ति गीतों, मंगल गान और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
आयोजन के तहत 21 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक श्री रामकथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन अयोध्या धाम के प्रसिद्ध कथावाचक श्री धर्मेंद्र दास महाराज द्वारा किया जाएगा।
रामकथा अमृतवर्षा आयोजन के माध्यम से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ “गौ माता का मान बढ़ाओ, भारत को विश्वगुरु बनाओ” का संदेश भी दिया जा रहा है।
शुभारंभ अवसर पर जुगल कुमार बघेरवाल, विष्णु नागर, शिवनारायण अंछेरा, शांतिलाल गंगवाल, मुकेश खींची, बंसीलाल नागर, मदनलाल झाड़ियां, घनश्याम अंछेरा, सुमित गंगवाल, रवि जड़िया, बनवारी गंगवाल, गोपाल छीपा सहित नामदेव छीपा समाज के अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
यह धार्मिक आयोजन समस्त रामभक्तों एवं चित्तौड़गढ़वासियों के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।