मल्हारगढ़। मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में उड़द की फसल पर पीला मोजेक रोग और अफलन की स्थिति से किसान परेशान हैं। गुरुवार सुबह किसान एजाज हुसैन ने बीमारी से प्रभावित करीब तीन बीघा खड़ी उड़द की फसल पर रोटावेटर चलाकर उसे नष्ट कर दिया। किसान का कहना है कि फसल में बीमारी फैलने के बाद उत्पादन की उम्मीद नहीं बची थी। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर बीमा राशि एवं उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
25 से 30 हजार रुपए खर्च, फसल हुई खराब-
किसान एजाज हुसैन ने बताया कि उन्होंने तीन बीघा जमीन में उड़द की फसल बोई थी, जिस पर करीब 25 से 30 हजार रुपए खर्च हुए। पीला मोजेक रोग और अफलन की समस्या के कारण फसल खराब हो गई। किसान को अब 17 बीघा में बोई सोयाबीन की फसल में भी बीमारी फैलने की आशंका है।
कृषि विभाग की टीम भेजने का आश्वासन-
किसान की सूचना पर जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम स्वाति तिवारी से फोन पर चर्चा कर फसल की स्थिति से अवगत कराया और प्रभावित फसल का सर्वे कराने के साथ बीमा एवं मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं पटवारी को मौके पर भेजकर फसल का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया।
सोयाबीन और मूंगफली में भी बीमारी की शिकायत-
अनिल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में उड़द के अलावा सोयाबीन और मूंगफली सहित अन्य फसलों में भी पीला मोजेक रोग और अफलन की समस्या सामने आने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने प्रभावित गांवों में व्यापक सर्वे कराकर किसानों की स्थिति का आकलन करने तथा पात्र किसानों को बीमा एवं मुआवजे का लाभ दिलाने की मांग की है।