नीमच। दिल्ली में साहिल लोहबच के साथ हुई कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे और एफआईआर दर्ज कर न्यायिक जांच की मांग की। इसी मामले को लेकर नीमच में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर सर्कल पर धरना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साहिल लोहबच को न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ किसी भी प्रकार की पुलिस बर्बरता स्वीकार्य नहीं है।
नीमच कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरूण बाहेती ने कहा कि दिल्ली में जब तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी धरने पर बैठे रहेंगे, तब तक नीमच में भी कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहेंगे। उन्होंने बताया कि नीमच सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंबेडकर सर्कल पर धरना जारी रहेगा और मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने की मांग उठाई जाती रहेगी।