चित्तौड़गढ़। आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को ओछड़ी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निकाय चुनाव प्रभारी एवं मावली के पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी तथा जिला संगठन सह प्रभारी नरेंद्र जैन उपस्थित रहे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि बैठक में चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए वार्ड संयोजकों की नियुक्ति की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं के समन्वय को लेकर चर्चा की गई।
पार्टी जिसे प्रत्याशी बनाए, उसे जिताना लक्ष्य - जोशी
निकाय चुनाव प्रभारी धर्मनारायण जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारे, प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य उसे विजयी बनाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाना है।
उन्होंने वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण अवसर - गाडरी
भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करें और पार्टी के निर्णय को सर्वाेपरि रखते हुए पूरी ताकत से चुनावी तैयारियों में जुटें।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सामूहिक प्रयासों से नगर परिषद में पार्टी का मजबूत बोर्ड बनाया जाएगा।
वार्ड संयोजकों की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका - नरेंद्र जैन
जिला संगठन सह प्रभारी नरेंद्र जैन ने कहा कि चुनाव में संगठन की रणनीति और कार्यकर्ताओं का समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी वार्ड संयोजकों से अपने-अपने वार्ड में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
चुनाव संयोजक सुशील शर्मा ने कहा कि वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के साथ चुनाव की तैयारियां समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही हैं। वार्ड संयोजकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं संभावित प्रत्याशियों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों को मजबूत किया जाएगा।
इच्छुक कार्यकर्ता दो दिन में जमा कराएं आवेदन-
भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी ने बताया कि सभी वार्ड संयोजकों को आवेदन पत्र वितरित कर दिए गए हैं। नगर परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता आगामी दो दिनों में आवेदन पत्र भरकर जमा करा सकते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, जिला मंत्री गोवर्धन जाट तथा चंदेरिया मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।