शाजापुर। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के तत्वावधान में जिले में निकाली जा रही ‘बहुजन भाईचारा बनाओ यात्रा’ को आमजन और युवाओं का उत्साहपूर्ण समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में यात्रा कालापीपल पहुंची, जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने यात्रा का स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष राजेश गोयल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा से जोड़ना है। यात्रा के माध्यम से देश और समाज के महापुरुषों के इतिहास एवं उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में लोगों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और वैचारिक जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। वहीं, संगठन को मजबूत करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संवाद भी किया जा रहा है।
यात्रा में आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के शाजापुर जिला अध्यक्ष राजेश गोयल, संभाग उपाध्यक्ष अजय अहिरवार, शाजापुर विधानसभा अध्यक्ष नितिन सौराष्ट्रीय, कालापीपल विधानसभा अध्यक्ष पंकज पुरबिया, जिला उपाध्यक्ष देवकरण सूर्यवंशी एवं ईश्वर सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजजन शामिल हुए।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान मिल रहा जनसमर्थन कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से सामाजिक भाईचारे एवं वैचारिक जागरूकता का संदेश आगे भी गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।