नीमच। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के पुनर्निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सनवर पटेल ने शुक्रवार को भोपाल स्थित वक्फ बोर्ड कार्यालय में नीमच जिला वक्फ कमेटी एवं वक्फ जामा मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान नीमच से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. सनवर पटेल का शॉल-श्रीफल एवं प्रतीक स्वरूप अफीम डोडा का चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष फिरोज पठान, सचिव सादिक हुसैन, वक्फ जामा मस्जिद कमेटी सदर अशफाक मुल्तानी, कोषाध्यक्ष इस्लाम गनी तिगाला एवं जीरन से साबिर भाई सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वक्फ संपत्तियों के संरक्षण एवं विकास पर चर्चा-
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ वक्फ संपत्तियों के संरक्षण, विकास एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष फिरोज पठान एवं सचिव सादिक हुसैन ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का ब्यौरा डॉ. सनवर पटेल के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान वक्फ संपत्तियों के डिजिटलीकरण, अवैध कब्जे हटाने तथा सामुदायिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई।
डॉ. सनवर पटेल ने की नीमच कमेटी के कार्यों की सराहना-
कमेटी के कार्यों का ब्यौरा सुनने के बाद डॉ. सनवर पटेल ने नीमच जिला वक्फ कमेटी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीमच जिला वक्फ कमेटी द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी उदाहरण बनाया जा सकता है। उन्होंने ‘नीमच मॉडल’ को पूरे प्रदेश में लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे प्रदेश अध्यक्ष
बैठक के दौरान जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष एवं जामा मस्जिद कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में नीमच जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पर डॉ. सनवर पटेल ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और हुनर को बढ़ावा देना वक्फ बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल है। वक्फ बोर्ड का उद्देश्य केवल संपत्तियों का प्रबंधन करना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य करना है। उन्होंने कहा कि नीमच कमेटी इस दिशा में बेहतर कार्य कर रही है। उक्त जानकारी जिला वक्फ कमेटी के मीडिया प्रभारी नोशाद अली ने दी।