नीमच। नगर की अग्रणी साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था कृति के महिला प्रकोष्ठ द्वारा ‘मेरा जीवन, मेरे अनुभव’ कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले की प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी अपनी जीवन यात्रा तथा प्रशासनिक एवं पारिवारिक दायित्वों के बीच समन्वय के अनुभव साझा करेंगी।
महिला प्रकोष्ठ प्रभारी आशा सांभर ने बताया कि कार्यक्रम में हेमलता अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला नीमच एवं ऐश्वर्या मूंदड़ा परवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, नीमच सुधी श्रोताओं से रूबरू होंगी। दोनों अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र के अनुभवों के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियों और पारिवारिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगी।
संस्था अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम 23 अगस्त, रविवार को शाम 6 बजे से भगवान परशुराम मंदिर, एलआईसी चौराहा, नीमच में आयोजित होगा।
संस्था के प्रचार सचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने नगर के प्रबुद्ध नागरिकों एवं साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों में रुचि रखने वाले श्रोताओं से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर अनुभवपरक संवाद का लाभ लेने का अनुरोध किया है।