दतिया। दतिया से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम भिटोरा स्थित रामेश्वर धाम में रविवार को पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। रामेश्वर धाम के पीठाधीश्वर शिवम महाराज ने शनिवार को दतिया के रतन रॉयल होटल में पत्रकार वार्ता कर आयोजन की जानकारी दी।पीठाधीश्वर शिवम महाराज ने बताया कि कार्यक्रम में श्रद्धालु मिट्टी से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण करेंगे। इसके बाद विधि- विधान से शिवलिंगों का रुद्राभिषेक किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी होगा।
शिवम महाराज ने बताया कि यह आयोजन 23 अगस्त को पुत्रदा एकादशी के अवसर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंग का पूजन संतान की सुख-समृद्धि, रोगों से मुक्ति और अकाल मृत्यु के भय को दूर करने के लिए विशेष लाभकारी माना जाता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार रामेश्वर धाम पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग निर्माण में शामिल होने की अपील की।