मनासा। खेड़ा वाराजी में प्रॉपर्टी संघ मनासा का वार्षिक मिलन समारोह उत्साह एवं आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े सदस्यों ने आपसी मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों, व्यापार से जुड़ी समस्याओं एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। कार्यक्रम में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रॉपर्टी संघ के वरिष्ठ सदस्य इंदरमल पामेचा एवं बार एसोसिएशन मनासा के अध्यक्ष दीपक गेहलोत का संघ अध्यक्ष गोपाल सोडानी ने स्वागत किया।
भगवान वराह का पूजन कर की शुरुआत-
कार्यक्रम की शुरुआत संघ अध्यक्ष गोपाल सोडानी एवं सदस्यों द्वारा भगवान वराह का विधिवत पूजन-अर्चन कर की गई। सदस्यों ने संघ की एकजुटता, सुख-समृद्धि एवं व्यापार में निरंतर प्रगति की कामना की। इसके बाद सदस्यों ने आपसी संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने एवं प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
विधायक के समक्ष रखीं व्यापारिक समस्याएं-
समारोह के दौरान प्रॉपर्टी संघ के सदस्यों ने विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के समक्ष व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। विधायक मारू ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके उचित निराकरण के लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सदस्यों से आपसी समन्वय एवं सकारात्मक संवाद के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह में अशोक गुलाटी, राजेश मारू, विनोद सचदेवा, नरेश वधवा, दीपक बसेर, अश्विन सोनी, रामदेव सतोकिया, सत्यनारायण सोडानी, नवीन व्यास, लोकेश सिधवानी, प्रद्युम्न सिंह, नितेश पलोड़, विपिन झंवर, मंगल रावत, दीपेश पुरोहित, विवेक नागदा, राकेश राठौर, सत्यनारायण पंचोली, सतीश राठौर सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक सहभोज का आयोजन किया गया। आत्मीय वातावरण में संपन्न समारोह ने संघ की एकजुटता एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया।