सेगांव/ठीकरी। दशोरा नागर समाज के नवयुवक मंडल के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष एवं ठीकरी नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी गौरव महाजन ने अपनी सहपत्नी आरती महाजन के साथ विश्व की सबसे कठिनतम मानी जाने वाली ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा को सकुशल पूर्ण किया।
गौरव महाजन 4 अगस्त को कैलाश यात्रा के लिए रवाना हुए थे। नेपाल में आई भारी तबाही और विषम परिस्थितियों के बीच भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और 25 दिनों में पवित्र कैलाश पर्वत की परिक्रमा कर शनिवार को सकुशल अपने गृहग्राम ठीकरी लौटे।
सकुशल वापसी पर दशोरा नागर समाज के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र मण्डलोई एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी पत्रकार जय गुप्ता सेगांव के नेतृत्व में समाजजनों की टीम ने ठीकरी पहुंचकर दोनों कैलाश यात्रियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और मंगलमय यात्रा पूर्ण होने पर बधाई दी।
इस दौरान कैलाशी गौरव महाजन ने अपनी यात्रा के अलौकिक अनुभव और यादें सभी के साथ साझा कीं। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग कितना कठिन था, लेकिन भोलेनाथ के आशीर्वाद से यात्रा निर्विघ्न पूरी हुई।